हरिपुरकलां के ग्रामीणों का गुस्सा फूटा
नवक्रान्ति न्यूज़
नवीन नौटियाल
ऋषिकेश। हरिपुर कलां में जर्जर सड़क और पेयजल संकट पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा
देहरादून (डोईवाला)। ग्राम पंचायत हरिपुर कलां में लंबे समय से चली आ रही जर्जर सड़कों और पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। ग्राम प्रधान सविता शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए जल्द समाधान की मांग की है।
ग्राम प्रधान सविता शर्मा और कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने बताया कि पेयजल निगम द्वारा सीवर लाइन बिछाने के दौरान गांव की मुख्य सड़कों को खोद दिया गया था, लेकिन लंबे समय बीतने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया। इससे सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आम लोगों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि गांव की कई सड़कों की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। वहीं, पेयजल आपूर्ति की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। पुरानी सीवर लाइन पर अधिक दबाव होने के कारण वह ओवरफ्लो कर रही है, जिससे गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है और आगे जाकर गंगा नदी को भी प्रदूषित कर रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे कई महीनों से गंदगी और अव्यवस्था के बीच जीवन यापन करने को मजबूर हैं। यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान अधिशासी अभियंता भृगुनाथ द्विवेदी ने ग्रामीणों को शीघ्र समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान समाजसेवी प्रेमलाल शर्मा, विक्रांत भारद्वाज, दीपक थापा और आदित्य सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।





