स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय में धूमधाम से गणतंत्र दिवस मनाया
ऋषिकेश/देहरादून।
स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय एवं हिमालयीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह विश्वविद्यालय परिसर में हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में भव्य रूप से संपन्न हुआ। समारोह के दौरान संविधान, लोकतंत्र एवं राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ लेखक गाँव की निदेशक एवं स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय की उपाध्यक्षा विदुषी निशंक तथा विश्वविद्यालय के प्रति-कुलपति प्रो. आर.सी. सुन्द्रियाल द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ हुआ।

समारोह में बीएएमएस, योग एवं बीएनवाईएस पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने योग प्रदर्शन, सामूहिक गीत, नृत्य, देशभक्ति गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रप्रेम और वीर रस से ओत-प्रोत कर दिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का भी सशक्त संदेश दिया गया।
संगीत विभाग द्वारा प्रस्तुत देश राग एवं लोकगीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं बीएएमएस के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ने सभी को भावविभोर कर दिया, जिससे कई दर्शकों की आँखें नम हो गईं।
मुख्य अतिथि विदुषी निशंक ने अपने संबोधन में भारतीय संविधान की गरिमा, स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए बलिदानों एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी स्मरण कराता है।
इस अवसर पर प्रति-कुलपति प्रो. आर.सी. सुन्द्रियाल ने गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोकतांत्रिक अधिकारों एवं दायित्वों के संतुलन पर बल दिया। वहीं संयुक्त निदेशक श्री प्रदीप कोठियाल ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं सामाजिक प्रतिबद्धताओं को रेखांकित करते हुए सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पारुल एवं डॉ. शिवानी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। समारोह में संस्था के सचिव श्री बालकृष्ण चमोली, डीन अकादमिक प्रो. राजुल दत्त, डॉ. अंजना विलियम्स (प्राचार्य, नर्सिंग), कुलसचिव अरविंद अरोड़ा, भाजपा महिला मोर्चा की आईटी सेल की समन्वयक अंजलि नैथानी सहित बड़ी संख्या में संकाय सदस्य, विद्यार्थी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





